Tuesday 25 October 2016

बेपरदा ख्याल


बेपरदा ख्यालों ने मेरी बात रख दी
गुजारिश मगर उनसे जुदा नहीं थी 
कहा होगा जर्रे को दोस्त मिला नहीं
उसकी ख्वाहिशें दबी रह जाती हैं 

मेरे हाथों खाक हुए हैं जलते चिराग
इसलिए सिरहाने जला रखे  हैं रातों में
और जल मैं भी जाऊं तो अंधेरा होगा
पेशानी पर कब्र बना रखी है ऐसी 

किस्मत से रुठकर बैठना छोड़ दिया
आंसू बह रहे मौजों के थपेड़ों से    
आहटों ने फैलाई होगी खुशफहमी
 पुराना आशिक लौटा है शहर में 

बेमुरव्वत होकर देखना राहों को
मेरे कत्ल का हो पक्का चश्मदीद 
धोखेबाज कागजों में नज्म लिखी है
अक्स तेरा खुद में समाता देखकर 

आरजू का फासला है बेखुदी से
लेकिन बेपरदा ख्याल हकीकत हैं 
सजा इनको भी मुझसे ही मिलेगी
इनका जुर्माना मेरी जिंदगी भरेगी   

-tapas


{-: नाचीज़ आवारा  आशिक़ी का शायर है, रवानी उसकी मोहब्बत में भी है मगर लफ्जों ने किनारा कर लिया तो बेचारा क्या करे ! }

Friday 21 October 2016

हम आपकी ऐतिहासिक और गरिमामयी विदाई चाहते हैं



महान भारतीय कप्तान महेंद्र पान सिंह धोनी के जाने का वक्त आ गया है। एक खिलाड़ी का खेल जीवन 15 साल से ज्यादा लंबा नहीं होता। तेंदुलकर जैसे चंद सर्वकालिक महान खिलाड़ी अपवाद हैं। सुना है अद्वितीय तेंदुलकर को भी बीसीसीआई ने कह दिया था -अब आपको खेल छोडऩे के बारे में हमें बता देना होगा क्योंकि हम आपकी ऐतिहासिक और गरिमामयी विदाई चाहते हैं। 

बीसीसीआई का फोन आने से पहले धोनी को अपने पूर्ववर्ती सौरव गांगुली के करियर को याद करते हुए सम्मानजनक विदाई के बारे में विचार कर लेना चाहिए। गांगुली ने कप्तानी गंवाकर वो सम्मान भी गंवा दिया था जो उन्होंने एक आक्रामक इंडियन टीम को सृजित कर अर्जित किया था। 

गांगुली अच्छे खेल प्रशासक हैं। कप्तान का मायना लीडर नहीं होता।  इसी तरह लीडर और प्रशासक में भी जमीन-आसमान का फर्क होता है।

 बोलचाल में दोनों शब्दों का पर्यायवाची के रूप में उपयोग किया जा रहा है। जानकार कहते हैं, कप्तान दल का मुखिया होता है । वह नेतृत्वकर्ता भी हो, यह जरूरी नहीं। गांगुली अनुकरणीय मुखिया रहे पर नेतृत्वकर्ता उतने सटीक नहीं । उनकी कप्तानी में वन डे सचिन-सहवाग के नेतृत्व से जीता जाता था और टेस्ट में द्रविड जिम्मेदारी संभालते थे। कप्तानी करते हुए खिलाडिय़ों पर उनका नियंत्रण अविश्वसनीय था। खिलाडिय़ों को प्रेरित करते हुए उन्हें काबू में रखनेवाला कप्तान भारतीय क्रिकेट इतिहास में नहीं मिलेगा।

कल न्यूजीलैंड के दिए हुए आसान लक्ष्य के सामने हार ने धोनी की विदाई का संकेत दे दिया है। धोनी ने आस्ट्रेलिया दौरे के बीच में ही टेस्ट से संन्यास लेकर अपनी दूरदर्शिता बता दी थी। बीसीसीआई की चयन समिति, खास तौर पर अध्यक्ष संदीप पाटिल के बयानों में नए कप्तान की खोज की योजना दिखती थी ।  रैना के साथ-साथ विराट कोहली और अंजिक्य रहाणे भी आजमाए जा चुके थे। रहाणे को  2014 में जिम्बाब्वे गई भारतीय टीम का कप्तान बनाकर चयन समिति ने सभी को अचरज में डाल दिया था। 
रहाणे कप्तान न होकर भी सबके पसंदीदा हैं।

याद होगा कि गांगुली का खेल गिरने के बाद धोनी 2007 में कप्तान बनाए गए थे। धोनी तब धुआंधार थे। बाद में धोनी ने गांगुली को टीम से बाहर का रास्ता दिखाया। गांगुली थक गए थे। नए लडक़े उनका खेल देखकर हंसते थे। गांगुली अपने पुराने खेल और रौब की बदौलत जाने का नाम नहीं ले रहे थे। 

धोनी ने 60 टेस्ट में से 27 और 194 वनडे में 107 जीत हासिल की हैं। वे टेस्ट और वन डे में भारत के सबसे सफल कप्तान हैं। बतौर कप्तान सर्वाधिक मैच खेलने की सूची में अव्वल रिकी पोटिंग के बाद उनका स्थान है । उन्होंने 324 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी की है जिनमें 70 ट्वेंटी-ट्वेंटी मुकाबले शामिल हैं। 

एमएसडी की कप्तानी में ही भारत पहली बार आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में नंबर वन बना था। उन्हें टेस्ट कप्तानी के लिए अधिक सराहना नहीं मिली।  धोनी को परिस्थितियों के बदलने की प्रतीक्षा करता  मूकदर्शक कप्तान कहा गया । सच है कि टेस्ट में धोनी गेम पलटने का इंतजार करते थे। प्रो-एक्टिव नहीं थे। 

 कप्तान का खेल दूसरों को प्रेेरित करता है। कप्तान अपने ही खेल या काम से जूझता दिखे तो इज्जत गंवा बैठता है। माही ने अभी तक अपना मान नहीं गंवाया है। मगर वह दिन दूर भी नहीं कि वे गांगुली का इतिहास दुहराते दिखें। 

धोनी और कोहली के लीडर होने का मुकाबला टीम पर उनके नियंत्रण से करें। भारतीय बल्लेबाजों का न्यूजीलैंड के खिलाफ खत्म हुई टेस्ट सीरीज में प्रदर्शन देखिए.. . और पिछले दो वन डे में खेल देखिए। कोहली की टीम अनुशासित दिखी। 

 टेस्ट में क्लीन स्विप मिलने और वन-डे का पहला मैच जीतने के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ सबकुछ एकतरफा दिख रहा था। कल के मैच के बाद सोच बदल गई है। सीरीज के अगले तीन मैचों में न्यूजीलैंड एक भी न जीत पाए लेकिन दूसरे मैच की हार का खटका इससे जाएगा नहीं। झोली में दिख रही जीत खराब बल्लेबाजी से बाहर निकल गई । जवाबदेही धोनी की होगी। 

 आज विराट पुराने धोनी की तरह आत्मविश्वास से भरे नजर आते हैं और धोनी जूझते हुए गांगुली की कॉपी। धोनी टीम के बॉस नहीं दिखते। दूसरे वन डे में अंजिक्य रहाणे जमने के बाद आउट हुए। भारतीय टीम ने छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए उबाऊ शुरुआत की। पहले दस ओवर में अपेक्षित रन नहीं आने के दबाव में रोहित शर्मा का विकेट गया। बल्लेबाजी के लीडर कोहली आए और अपने पूर्ण कौशल से खेले। वे उस गेंद पर आउट हुए जो लेग स्टंप के बाहर होने की वजह से वाइड होनी थी। आगे के क्रम में केवल धोनी अनुभवी थे। मनीष पांडे टी-20 शैली के ताबड़तोड़ बल्लेबाज हैं। हड़बड़ी में रहते हैं। केदार जाधव ने वो खेल नहीं दिखाया है कि उन्हें लंबी रेस का घोड़ा कहा जाए। सुरेश रैना की वापसी पर दोनों में से किसी एक का बाहर जाना तय है।


धोनी तेज बल्लेबाजी नहीं कर पा रहे। वे हर मैच को अंतिम ओवर तक ले जाने की सोच से खेल रहे हैं। स्कोर का पीछा करते हुए जिस बल्लेबाज  का औसत दुनिया में सबसे अधिक हो,  उसकी परमानेंट रणनीति चूकने लगी है। धोनी के सामने न्यूजीलैंड की कसी हुई गेंदबाजी थी श्रीलंका या बांग्लादेश  के मीडियम पेसर नहीं थे, जिन्हें स्लॉग ओवर्स में मिड ऑन के ऊपर से उठाकर मारा जा सकता है। धोनी को मालूम रहा होगा अंतिम ओवरों में ट्रेंट बोल्ट और टिम साउदी गेदें फेकेंगे।

विपक्षी गेंदबाज उनके स्कोरिंग क्षेत्र को पहचानने लगे हैं, जिस तरह गांगुली की कमजोरी भी पकड़ी गई थी। आजकल धोनी को शॉर्टअप लेंथ से थोड़ी आगे गेंदें फेंकी जाती हैं।  वे एक्सट्रा कवर या कवर पाइंट के पास से गैप नहीं निकाल पाते। इसलिए उनके लिए बीच के ओवरों में (जब फिल्डर सिंगल रोकने की कोशिश में आगे लगे होते हैं)  रन निकालना आसान नहीं होता।

 एमएसडी की बैटिंग क्रिकेट विशेषज्ञों की लिखी किताब से मेल नहीं खाती। स्थापित मापदंड से जुदा अंदाज रखनेवाले बल्लेबाजों की लय लगातार क्रिकेट खेलने से बरकरार रहती है। धोनी लगातार खेल नहीं रहे हैं। धोनी के पास अब इस साल मुश्किल से दस वन डे और हैं। धोनी के रिफ्लेक्सेस कमजोर हुए हैं।  बल्लेबाजी की शैली में बदलाव कर उन्होंने नैसर्गिक आक्रामकता खो दी है। 

आज वे अंतिम ओवरों के इंतजार में 35 से 45 ओवरों के बीच गेंदे खराब करते रहते हैं।  

कुछ साल पहले उन्होंने श्रीलंका के विरुद्ध वेस्टइंडीज में हुए त्रिकोणीय सीरीज फाइनल में तीन छक्के मारे थे। अंतिम ओवर में शायद 20 के आसपास रन बनाने थे। बॉलर अनुभवहीन था। धोनी ने श्रीलंका के मुंह जीत निकाल ली। धोनी ने इसके बाद से मैच को अंतिम ओवर तक खींचने की कला को विजय मंत्र मान लिया। इंज्लैंड में हुए एक टी-20 मैच में धोनी का मंत्र बेकार साबित हुआ। सामने अच्छा बॉलर था। धोनी का बल्ला टिक-टाक से ज्यादा कुछ नहीं कर पाया।  जीता हुआ मैच निकल गया क्योंकि धोनी पारी को अंतिम ओवर तक ले गए । अंतिम ओवर की सभी गेंदें खुद खेलीं। नॉन-स्ट्राइकर अंबाती रायडू को जान-बूझकर स्ट्राइक नहीं दी। 

लीडर को फ्लैक्सिबल  होना चाहिए। एक लीडर हमेशा से ही टीम के सामने उदाहरण बनता है। उसके सुरक्षात्मक हो जाने पर बाकी के सदस्य अपनी-अपनी सोचने लगते हैं। विराट कोहली में किसी प्रकार का डर नहीं है। वे रोहित शर्मा, अंजिक्य रहाणे या शिखर धवन को पूरा मौका देते हैं। कोहली बेफिक्र हैं कि तीनों कभी टीम में स्थान बनाने की दौड़ में उनके प्रतिद्वंदी रहे।

 आत्मविश्वास का भाव चेहरे, खेल और जीवन में दिखता है। सुरक्षा के खोल में बैठा हुआ आदमी सुई को भी तलवार समझता है। लीडर पैदाइशी होते हैं उन्हें बनाया नहीं जाता।

आप कार्यस्थल पर आप इस तरह के भयग्रस्त लोगों से दो-चार होते होंगे, जिन्हें किस्मत से कुर्सी मिलती है और वे उसे बचाने सार्वजनिक अपमान झेलते हैं। वे खुश रहते हैं कि  बरकरार हैं, बाहर की जग हंसाई उनको व्यर्थ की लगती है। 


धोनी जान लगा देनेवाले खिलाड़ी हैं।  कोहली के टीम लीडर बनने  से वे असुरक्षा महसूस कर रहे हैं। दिलेर एमएसडी अपने स्कोरिंग रेट से अधिक व्यक्तिगत स्कोर पर ध्यान देने लगे हैं।

 कारपोरेट ऑफिसेस में विराजमान बड़े अधिकारी कंपनी को भाड़ में झोंककर अपने इर्द-गिर्द नैसर्गिक प्रतिभा को आने नहीं देते। उनका ध्येय वाक्य होता है- "हमें तनख्वाह बनाने से मतलब। " अपने शागिर्दों को भी वे यही सिखाते हैं। 

धोनी को इस तरह की घटिया सोच ने नहीं छुआ होगा फिर भी वे असहाय दिखने लगे हैं। मानों वे लिखित में कप्तान हैं और उनकी खेल में भूमिका बारहवें खिलाड़ी की है।  धोनी की बड़ी  हैसियत की वजह से कोच अनिल कुंबले उन्हें बल्लेबाजी सुधारने को नहीं कह सकते। 

मैं धोनी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। उन पर गर्व होता है। मेरी तरह देश में करोड़ों प्रशंसक बनाए हैं धोनी ने। अब वक्त आ गया है उन्हें विराट को वन-डे और टी-20 की कप्तानी सौंप देनी चाहिए। वे चाहें तो बतौर विकेटकीपर बैट्समैन टीम में बने रह सकते हैं। उनके प्रशंसक अपने आदर्श  को ब्लू जर्सी में विराट के नीचे नहीं देखना चाहेंगे। धोनी सक्षम हैं फैसला लेने में।
हर कप्तान को एक दिन अपनी जर्सी उतारनी पड़ती है। विराट भी आगे किसी के लिए उतारेंगे, अभी तो धोनी की बारी है.. .

Wednesday 19 October 2016

करवाचौथ के दिन अरब में तलाक की खबर


अरब देश के एक मियां साहब अपनी बेगम के हुस्न के दीवाने थे। निकाह के पहले बेगम की तस्वीरें उनके लिए चांद की रोशनी हुआ करती थीं। दीवानगी का आलम शादी के बाद भी कायम रहा। एक दिन मियां साहब को बेगम के साथ तैराकी का मजा लेने का मन हुआ। बेगम पानी में उतरीं। मियां साहब ने उन्हें पहचाना नहीं। तलाक हो गया।

वाकया शारजाह के अल ममजार समंदर तट का है। तलाक की वजह थी बीवी का विद और विदाउट मेकअप अलग-अलग दिखना। क्या ये वजह हुई? केस कुछ यूं है कि बेगम साहिबा मेकअप के साथ समंदर की लहरों में उतरीं। समंदर ने बेगम का मेकअप धो दिया। मियां साहब अपनी शरीके-हयात का असल चेहरा बर्दाश्त नहीं कर पाए। उन्होंने बेगम को  तलाक दे दिया।

संयुक्त अरब अमीरात की यह खबर आज भारत में करवाचौथ के दिन बड़ी चर्चा में है। इस तरह की खबरें एक तरह से चुटीली होती हैं क्योंकि जिन्हें हम जानते नहीं उनसे संवेदना नहीं जुड़ी होती। भावनाओं का समंदर अंदर पाले बैठे बंदों की बात जुदा है। वे किसी भी बात पर भावना बेच सकते हैं।

बात संयुक्त अरब अमीरात की है। हम भारतीय इस पर टीका-टिप्पणी कर सकते हैं। इसकी विवेचना कर सकते हैं। हमारे देश में खिसियाए हुए नैतिक-सैद्धांतिक दिव्यात्माएं तीन तलाक की बहस में पड़े हुए हैं।
इस वातावरण में मैं अरब के इस तलाक को विवेचित करना चाहूंगा।

पहले आते हैं माननीय मियां साहब पर। उनमें भौतिक सुंदरता के प्रति इतना आग्रह था कि पत्नी को अपने मन-मुताबिक न पाकर फौरन रास्ते अलग करने का फैसला कर लिया। अब इसमें उनकी बेगम की कितनी गलती थी? कुदरत ने उन्हें जैसा बनाया, वे वैसी नहीं पसंद की जातीं, सो सामंजस्य बिठाते हुए उन्होंने गैर-कुदरती साधनों का सहारा लिया। कास्मेटिक्स ने उन्हें नया रूप दिया।

गलती उन्होंने भी की। उनसे पूरी सहानुभूति रखते हुए यह कहना चाहूंगा कि पहला धोखा उन्होंने किया। उन्होंने यह कबूल भी किया है कि वे अपने शौहर को सच बताना चाहती थीं मगर देर हो चुकी थी। खबर में चुटीलापन समंदर में बेगम का मेकअप उतर जाने का किस्सा जोड़ देने से आता है। लेकिन यह खबर का सच नहीं है। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि तलाक का कारण केवल शारीरिक खूबसूरती नहीं रही होगी। हमें चेहरों पर मानसिकता नहीं दिखती। तलाक की कतार के खड़े जोड़ों के अंतर्मन को पढ़ा नहीं जा सकता। खबरों में निजता को परिभाषित नहीं किया जा सकता। जाहिर है कि तलाक का मूल कारण स्पष्ट नहीं किया जा सकता। यह मानसिक रुढिय़ों से पैदा  होता है।

 हो सकता है मियां साहब को  हमसफर का फरेब पसंद न आया हो। वे स्वयं को दुनिया का सबसे सच्चा आदमी मानते हों। मेकअप से असली चेहरा छिपाना उन्हें छलावा मालूम हुआ हो। मियां साहब को अरब के तेल और सोने से छलावे को अलग करना आता हो!

हर आदमी अपने ढंग से रिश्ते के बारे में सोचता है। इसमें भरोसे से अधिक सहूलियत का ख्याल रखा जाता है। मान-मर्यादा देखकर सैद्धांतिक बातें जोड़ दी जाती हैं। शादी के साथ एक टैगलाइन जुड़ी हुई है 'जनम-जनम का साथ।'  प्रैक्टीकली सोचें तो जनम-जनम के साथ में शारीरिक-मानसिक ईमानदारी के आजाद तकाजे होते हैं। संभावना इसकी भी है कि मियां साहब ने सोचा हो कि वे बेगम के साथ रिश्ता निभा नहीं पाएंगे, सो उन्हें धोखे में रखने की बजाय  उनसे अलग हो गए।

अरब की यह खबर इस अजीब तलाक के सार्वजनिक हो जाने से नहीं बनी है। बेगम साहिबा ने डॉक्टर को अपनी कहानी सुनाई और डॉक्टर साहब ने दुनिया को, नतीजन खबर बनी। अमानवीय सिद्धांतों के पैरोकार कहेंगे " बेगम को उस मर्द को पहले ही तलाक दे देना चाहिए था जिसने खूबसूरती के लिए शादी की थी।"
 पर क्या सभी के लिए यह साहस मुमकिन होता है? बेगम क्या जानती नहीं रही होंगी कि उनका शौहर उनके लुक्स पर फिदा है।

इस तलाक की तहकीकात करें तो बात शादीशुदा जोड़ों के आपसी लगाव पर आकर टिकती है। कितना सैद्धांतिक और नैतिक लगता है यह कहना कि शादी को पूरी शिद्दत से निभाना चाहिए। तलाक ने उस अरब महिला को अवसाद में डाल दिया । इसलिए वह डॉक्टर के पास पहुंची थी। डॉक्टर ने उसे समझाया होगा कि  उसे शादी में रहकर भी अवसाद होता। उसका पूर्व पति खूबसूरती मन में बिठाए बैठा था, वह उससे सही व्यवहार नहीं करता।

इधर हमारे देश में तीन तलाक पर अभी बहस चल रही है। सभी इसके हिस्सेदार हैं। हिंदू और मुस्लिम विवाह का कानून अलग-अलग होने पर विचार बंट गए हैं।

अरब की इस घटना को ध्यान में रखते सोचिए क्या तलाक एक निहायत ही निजी निर्णय नहीं है? निजता में धर्म को लाकर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। किसी भी धर्म ने अलगाव को सही नहीं बताया है। हमें तलाक को दो पक्षों की ज्याती जिंदगी के नजरिए से देखना चाहिए। दुनिया के पुराने अफसाने कहते हैं कि सारे मजहबों के मर्दों ने अपनी सहूलियत को ध्यान में रखकर सामाजिक कानून बनाए। अदालतों में ज्यादातर जज मर्द ही होते हैं। अब क्या हम इस पर ही बहस करने लग जाएं कि अदालतों में भी 50 फीसदी महिला न्यायाधीश बैठें।

बहस विवाह के कानूनों में महिलाओं के अधिकार पर होनी चाहिए। यूनिफार्म सिविल कोड भावना के आधार पर नहीं बनाया गया है। किसी भी प्रकार का सामाजिक कायदा जज्बात नहीं देखता। एक  संवाद है- "अदालत जज्बात नहीं सबूत देखती है।"
तलाक भौतिकता से अधिक मानसिकता से प्रेरित हो सकता है। 'जाकी रही भावना जैसी।'  हालांकि अच्छी मानसिकता रहने पर तलाक अस्तित्व में ही नहीं आता। महान मानसिकता संत-फकीरों की होती है और आमतौर पर वे शादी नहीं किया करते।

बदलते परिवेश में लडक़ी या लडक़े के लिए विवाह नामक सामाजिक संस्था आजादी का प्रतीक होनी चाहिए। शादी का नतीजा तलाक नहीं हो सकता बशर्ते रिश्ता झूठ और दिखावे पर न टिका हो। जैसा कि उस अरब जोड़े का प्रकरण हुआ। बेगम ने चेहरे पर झूठ लगाया और शौहर को दिखावा पसंद था। 'माइनस'-'माइनस'  प्लस होने की थ्योरी यहां उल्टी पड़ गई। 'माइनस' प्लस 'माइनस' बराबर तलाक हो गया। इससे ज्यादा बेहतर ढंग से कह सकते हैं कि शायद बेगम ने मेकअप का झूठ ही इसलिए लगाया क्योंकि शौहर को खूबसूरती के दिखावे पर यकीन था।

 हमारे देश में इस प्रकार के प्रकरण सामने नहीं लाए जाते। हम सुनते रहते हैं कि लडक़ेवालों ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियर बताकर शादी की, बारहवी में तीन बार फेल लडक़ा घरों में बिजली फिटिंग करनेवाला निकला। इसी तरह मायकेवालों ने लडक़ी को शांत बताया, उसने ससुराल की शांति भंग कर दी।

तलाक पर चर्चा में शामिल सभी विशेषज्ञों को अपनी शादीशुदा जिंदगी में झांककर पैनल पर आना चाहिए। तलाक को पति-पत्नी का नितांत निजी निर्णय रहने दिया जाए। नैतिकता का ढोल नहीं पीटना चाहिए। पुरुष अधिकार-महिला अधिकार की बहसों ने स्त्री-पुरुष के बीच खाई खड़ी कर दी है।

जो मुझे पता है वो आपको बता दूं कि भारत में तीन बार तलाक कह देने भर से तलाक नहीं हो जाता। क्यों इस पर बहस चल रही है? बहस करनेवालों का धर्म नहीं, सामान्य ज्ञान जांचा  जाए। कानून की आंख में बंधी पट्टी उसके कानों से होकर गुजरती है। यानी वह देखकर और सुनकर न्याय नहीं करता। उसे वाजिब तथ्य की दरकार होती है।  तीन बार तलाक सुनकर सामाजिक और धार्मिक अदालतें भी फैसला नहीं देतीं। सुनवाई हर जगह मुमकिन है।

अंतागढ़ का टेप कांग्रेस के बदलाव का कारण बना, उसे भूलकर राय-कौशिक में उलझ रहे हैं नेता


मैं अंतागढ़ का टेप सुनना चाहता हूं। यह मेरी जिज्ञासा है। कल कोई कह रहा था ‘कांग्रेस की राजनीति में टेप कांड ने बदलाव लाया।’ मुझे भी लगता है, आज की कांग्रेस में मजबूत दिखते संगठन के पीछे केवल एक वजह है- अंतागढ़ टेप कांड। इसके अलावा कांग्रेस के पास सरकार का कदाचरण बताने के लिए कुछ नहीं है क्योंकि नान और चावल घोटाले में कांग्रेस तथ्य नहीं जुटा पाई।

प्रथम चरण में कांग्रेस ने अंतागढ़ टेप से अपनी पुरानी सियासी जमीन को भविष्य में जोगी के अतिक्रमण से बचा लिया था। दूसरे चरण में घटनाक्रम के बजाय कांग्रेस संगठन और जोगी में घमासान को तवज्जो मिली। भूपेश बघेल यह नहीं चाहते रहे होंगे। मेरा ख्याल है कि जोगी भी पुरानी पार्टी से अचानक की आर-पार का रण छेडऩे की स्थिति में नहीं थे।  टेप कांड दो रोज की सुर्खियों के बाद झटके से गायब कर दिया गया। एक सीधे-साफ घटनाक्रम को अविश्वसनीय बताने के लिए उसे कथित कहा गया। टेप प्रकरण में सामने आए नामों को उनकी ताकत के मुताबिक दबाया- उभारा जा रहा है। शक्तिशाली लोग प्रचारतंत्र पर आसान पकड़ बना लेते हैं। कांग्रेस से बेहतर कोई नहीं बता सकता कि भाजपा के सदस्य अखबार की एक्सक्लूसिव खबरें देखकर मुस्कुराते क्यों हैं!

कांग्रेस के नए नेतृत्व को सहृदयता से स्वीकार करना चाहिए कि उसने अनुभवहीनता दिखाई है। अंतागढ़ का टेप जोगी के जाने का कारण भर बनकर रह गया। लगा जैसे कांग्रेस इसे रमन से अधिक जोगी के खिलाफ इस्तेमाल करना चाहती है। इससे कांग्रेस वर्सेज जोगी का चुनावी चित्र बना । समझ नहीं आया कि कांग्रेस का नंबर वन दुश्मन कौन है? जोगी या रमन!

मतदाता दो या तीन एजेंडों के आधार पर मन बनाते हैं। बीसियों मुद्दे उन्हें  भटका देते हैं।
 प्रदेश कांग्रेस पुराने व अधिक प्रभावकारी मुद्दों को सिरे से भूलकर नए काम पर लग जाती है। कांग्रेस नेतृत्व को सत्ता की कमजोरियां बताने के लिए ज्यादा से ज्यादा पांच बड़े मुद्दे चुनने चाहिए। जिन पर उसे एड़ी-चोटी का जोर लगाकर काम करना होगा। वह तय कर ले कि सरकार व सहयोगियों के कदाचरण में अंतागढ़ को किस नंबर पर रखा जाए! कल सूचना मिली कि पुलिस में अंतागढ़ टेप मामले की एफआईआर नहीं है। यह संगठन की लापरवाही है या मकसद निकल जाने के बाद की सुस्ती।

क्या अंतागढ़ टेप कांड ने सत्ता से अलग होने के बाद कांग्रेस को एक मेकओवर नहीं दिया था? इससे नए नेतृत्व को मान्यता नहीं मिली थी? उससे जनता से घरों-घर जाकर फीडबैक लेना था। उसे आमजन की सोच मालूम हो जाती। पब्लिक ओपिनियन के मुताबिक आगे की रणनीति बनती तो आज गुंडरदेही विधायक आरके राय के अवश्यसंभावी निष्कासन की खबर अखबारों के प्रथम पृष्ठ पर प्रमुखता से नहीं छपती। कांग्रेस के रणनीतिकार नहीं समझ रहे हैं कि उनकी पार्टी को किस तरह से घेरा जा रहा है! अंतागढ़ टेप कहीं फंस गया है। आरके राय और बिल्हा विधायक सियाराम कौशिक को सुर्खियां मिलने के पीछे कौन सा गठजोड़ या फैक्टर है? दोनों इतने बड़े नेता नहीं कि सियायत चार दिनों के लिए सही लेकिन उनके विद्रोह पर टिक जाए। नई राजनीति में मीडिया में बगावत को स्थापित किया जाता है। जिसका होना अंधे को भी नजर आए उसे रेखांकित किया जाना प्रायोजित लगता है।



Monday 17 October 2016

ए दिल को शिवाय से मुश्किल नहीं



एक ही फिल्म के बारे में यह दूसरी बार लिखना पड़ रहा है। दीवाली में ‘ऐ दिल है मुश्किल’  के साथ अजय देवगन की शिवाय भी आएगी। निगेटिव पब्लिसिटी से ‘ऐ दिल’ को ज्यादा चर्चाएं मिल रही हैं, कोई मुश्किल नहीं है। फिल्म के लिए यह अच्छा है। अजय देवगन को चिंता होगी। कुछ दिनों पहले अजय आश्वस्त रहे होंगे देश का माहौल देखकर। अब भावनाओं का मौसम बदल रहा है।

चार राज्यों क्रमश: गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक में ऐ दिल का परदे पर आना फिलहाल मुश्किल दिखता है। बाकी राज्यों में भी तोडफ़ोड़ की आशंकाएं हैं। फिर भी चूंकि भावनाओं का मौसम बदल रहा है फिल्म के समर्थकों और विरोधियों को सबकुछ भगवान के हाथ में नहीं छोडऩा चाहिए। उन्हें ऐ दिल को दर्शकों के भरोसे  छोड़ देना चाहिए।
अब आते हैं अजय देवगन की चिंता पर। शिवाय और ऐ दिल के ट्रेलर में कौन ज्यादा आकर्षक है? सरल सवाल का उससे भी आसान जवाब, ऐ दिल है मुश्किल का ट्रेलर अच्छा लगता है।
 रणबीर कपूर कोई बहुत अधिक नया किरदार करते नहीं दिख रहे। वे चिकने हैं और ऐश्वर्या राय सुंदर लग रही हैं। रणबीर से उनके रोमांस के सीन कितने गहरे हैं!  छिपा हुआ अर्थ समझ जाइए। फिल्म के ट्रेलर में करण जौहर किस्म के रोमांस का ऑफर है। फिल्म के प्रोमो में पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान भी नजर आते हैं। डीजे लुक लिए। करण जौहर ने अपने स्तर का पूरा ‘इंडियन कान्टिनेंटल’ तैयार किया है। गाने बेहतरीन हैं।

 अजय देवगन कमजोर डायरेक्टर हैं। यह बताने की जरूरत नहीं पडऩी चाहिए कि शिवाय का निर्देशन उन्होंने किया है। सो डायरेक्शन की तुलना होगी। फिल्म का टाइटिल सांग बता देता है कि वे अभी  कच्चे हैं। त्योहारी डेट पर रीलीज होनेवाली फिल्मों की सबसे बड़ी यूएसपी उनका संगीत रहा है। अजय ने काजोल और खुद को लेकर यू, मी और हम डायरेक्ट की थी। फिल्म का स्क्रीनप्ले इतना वाहियात था कि उस पर शोध होना चाहिए कि यदि हम किसी विदेशी फिल्म से इंस्पायर होकर अपना माल तैयार करें तो स्क्रीनप्ले में क्या नहीं होना चाहिए। शिवाय अजय देवगन की डायरेक्टर बनने की ‘ठरक’ मिटा सकती है (अजय मुझे गलत साबित कर दें तो मुझे गर्व होगा) ।

अभी मैंने एनडीटीवी में देखा कि अनुराग कश्यप ने ऐ दिल है मुश्किल की रीलीज को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिप्लोमेसी का लेक्चर दिया है ट्विटर पर। करण जौहर ने कुछ नहीं कहा है, कश्यप ज्ञान दे रहे हैं। मैं उनका ट्विटर फॉलोवर नहीं हूं। ज्यादा लिख नहीं सकता। इतना कह सकता हूं कि यह फिल्म को नए तरीके से प्रमोट करने का तरीका है। करन ने अनुराग को यह करने को नहीं कहा होगा । अनुराग अपनी भक्ति दिखा रहे हैं। एक औसत निर्देशक विद्रोही तेवर दिखाकर सुर्ख़ियों में बने रहने का हुनर जानता है। वे राजकुमार हीरानी से अधिक पापुलर हैं मीडिया में उनकी फिल्मों ने कितने पैसे डुबाए यह छोड़िये।

 अनुराग और करण की जुगलबंदी से सभी वाकिफ हैं। अनुराग की उड़ता पंजाब रीलीज के पहले लीक हुई और उम्मीद से अधिक चली। गैंग्स  ऑफ वासेपुर के दोनों पार्ट विरोध से चर्चा में आए। फिल्म अनगढ़ डाक्यूमेंट्री के समकक्ष बनी। दृश्यों में सामंजस्य नहीं था। पात्र फिल्म के विषय के अनुरूप थे लेकिन उनका चित्रण विरोधाभासी था। इस फिल्म को मैंने देखा है। अभिनय और संवाद खुश कर देते हैं। इतना खुश कि हम यही भूल जाते हैं कि फिल्म का विषय क्या है? क्यों है? पात्र चाहते क्या हैं? हालांकि दोनों फिल्म के दोनों पार्ट ठीकठाक चल गए। परिणामस्वरूप नए सितारे नवाजुद्दीन का जन्म हुआ। अनुराग की सनक पर ठप्पा लग गया। उन्हें क्रिएटिव की संज्ञा मिल गई। अनुराग अपने से ठीक उल्टे करण जौहर के साथ फिल्मी पार्टियां शेयर करते हैं। इस तरह उन्होंने बाम्बे वेलवेट को भी शेयर किया। डार्क फिल्मों के इतिहास में इतनी डैमेजिंग फिल्म नहीं आई।

करण जौहर और अनुराग समानता रखते होंगे। अनुराग की फिल्में उनका टेस्ट बताती हैं, या बताती हैं कि अनुराग वास्तविक जीवन में कैसे हैं? करण की फिल्में उनके पकाऊ अकेलेपन में पैशनेट लव का मैसेज लिए होती हैं।  ‘इट्स ऑल अबाउट लविंग एवरी-वन’। अनुराग कश्यप की हीरोइन घर में आनेवाले धोबी से भी सेक्स कर सकती है। करण की हीरोइनें क्लास का ख्याल रखती हैं।

इतना सब बताने के बाद यह भी बता दूं कि शिवाय से ऐ दिल है मुश्किल ज्यादा चलनेवाली है, विरोध कितना भी हो। ऐ दिल है मुश्किल देखकर निकलनेवाला हमारा लिबरल यूथ कहेगा ‘ ओह मॉय गॉड। रणबीर इज जस्ट ऑवसम। आई लव यू ऐश। शी इज मोर हॉटर देन अनुष्का। बट अनुष्का आलसो प्लेड गुड..हां। ’

इधर शिवाय देखने टिपिकल देवगन फैन जाएंगे। बुल्गारिया की बर्फलदी पहाड़ी में औंधे मुंह कपड़े निकालकर पड़ा आदमी शिवाय हो सकता है! यह मेरा अनुमान है। हो सकता है कोई और शिवाय निकल आए! फिल्म का पहला पोस्टर क्लासिक था। बाद में ट्रेलर ने कचरा कर दिया। टाइटिल सांग मोहित चौहान की आवाज में शुरू होता है। आध्यात्मिक फीलिंग आती है। अचानक सुखविंदर गाने की जगह चीखने लगते हैं। और इसके बाद बादशाह का रैप सुनाई पड़ता है। इतना गंदा फ्यूजन। फिल्म का नाम शिवाय, इसके अजीब टाइटिल ट्रैक को जस्टीफाई नहीं करता।  ट्रेलर त्योहारों की पारम्परिक पब्लिक को सिनेमा देखने नहीं बुला रहा।  देवगन की किस्मत रातोंरात सलमान खान सी हो जाए तो मेरे विश्लेषण का क्या रह जाएगा, इस पर बाद में चिंतन करूंगा।
अब रहा सवाल ओपनिंग का। मुझे लगता है कि ऐ दिल है मुश्किल इसमें भी आगे रहेगी। मल्टीप्लेक्स में यूथ फिल्म चलाता है। करण का सिनेमा मल्टीप्लेक्स का दर्शनशास्त्र है। सिंगल स्क्रीन से मल्टीप्लेक्स की कमाई तिगुनी होती है।  यह दर्शनशास्त्र का अर्थशास्त्र है।
वैसे भी अजय देवगन के निर्देशन से मुझे चमत्कार की उम्मीद नहीं है। करण जौहर पक्के कमर्शियल डायरेक्टर हैं। अजय देवगन भी कमाना चाहते हैं और करण जौहर भी। दोनों का मकसद कमाई है। जौहर  फिल्मशास्त्र  में देवगन के पापा हैं।
देशभक्ति और देशविरोधी की बहस में पडऩे की बजाय सिर्फ मैं एक विचार रखना चाहूंगा कि यदि फवाद ने उड़ी हमले पर अपना ओपिनियन खुलकर रखा होता तो आज करण का यह हाल नहीं होता। मैं गलत साबित हो सकता हूं यह कहकर कि उन्हें इस हालत में पडऩे की आदत पड़ चुकी है। मॉय नेम इज खान के बाद से उनकी फिल्मों को लेकर एक नकारात्मक जिज्ञासा उपजती रहती है। कलाकारों पर सरहदों के लागू न होने पर तर्क करनेवालों से सिर्फ एक सवाल है -पाकिस्तान और भारत में युद्ध हो जाए तो क्या वे न्यूट्रल रहेंगे? क्योंकि उन्हें मालूम है भावनाओं का मौसम बदलता रहता है।

फिल्मों का विरोध नहीं होना चाहिए, पर क्या फिल्म देखना किसी व्यक्ति की अंतिम इच्छा हो सकती है? मतलब इस टाइप की इच्छा कि मैं फिल्म न देखूं तो मर जाऊंगा। मैं दीवाली नहीं फ़िल्में मनाता हूं।



Sunday 16 October 2016

शमीना और डरपोक बादल

 

 

ये एक कहानी है बचपन की। इसको बचपने में ही पढ़ें।  


मेरी झोपड़ी से होकर जाती नीली नदी के पार हरी घास का मैदान था। उसमें एक किला था। किले के ऊपर मीनार थी जिसके पास एक बादल रहता था। छोटा सा, सफेद और डरपोक बादल। बादल थोड़ा मोटू भी था। किला ऊपर की ओर खूब लंबा तना हुआ था। डरपोक बादल उसके सिर पर खरगोश के फर से बने कनटोप सा रहता। हल्के रंग के पत्थरों को चौकोर घेरों से जोडक़र किला बनाया गया था। लगता था हर पत्थर को एक फोटो फ्रेम मिला है।

किले के नीचे हरी घास का मैदान बहुत आलसी था। मैंने उसे कभी करवट लेते हुए नहीं देखा। मैं और शमीना उस पर दौड़ते। दौड़ते हुए हम जान जाते कि मैदान को गुदगुदी हो रही है। हंसी के मारे उसका फूला पेट हिलता मगर वो हंसते-हंसते वहीं पड़ा रहता। पलटी नहीं मारता था। शमीना ने बताया कि उसने हरी घास के मैदान को टांगें उठाकर पेट पर हाथ रखकर हा..हा..हंसते देखा है। मैंने भी उससे झूठ में कह दिया ‘मैदान के पेट में राक्षस सोता है। किले के अंदर भूत है और डरपोक बादल उसका बेटा है। ’

मैं और शमीना हरी घास के मैदान दौडऩे आते गांव चाचा को पीछे छोडक़र। गांव चाचा बुरे नहीं थे। मगर लड़कियों को लडक़ों के साथ खेलने से रोकते थे। कहते थे ‘लडक़ी और लडक़ा साथ खेले तो एक दिन भाग जाएंगे।’
मैं शमीना का दोस्त था। बारह साल का था। शमीना दस की थी। उसके अम्मी-अब्बू गांव चाचा से डरते थे। शमीना कहती ‘ मैं एक दिन इन सबको छोडक़र भाग जाऊंगी। ’

एक दिन दौड़ते हुए हम किले तक पहुंच गए। शमीना ने कहा ‘देखो मुंशी.. .वो डरपोक बादल हंस रहा है।’
 मुझे डरपोक बादल की हंसी नहीं दिखी। मुझे डरपोक बादल से चिढ़ थी।  मैं और शमीना किले के अंदर घुस गए। अंधेरा था। बीच-बीच में उजाला भी था। हम दोनों को डर लग रहा था। वहां कोई नहीं दिखा। शमीना ने मेरे एक हाथ को अपने दोनों हाथों से दबोच लिया।

किला बहुत प्यारा निकला। उसने हमें खीर और पूड़ी खाने को दी। बाद में मीठी गोलियां भी दीं। नींद आने लगी। मैंने देखा बड़े झरोखे के पास जाकर शमीना डरपोक बादल को देख रही है। डरपोक बादल उसे देखकर हाथ हिला रहा है। डरपोक बादल मुस्कुरा रहा था। किले ने हमें सोने के लिए सूखी घास के गट्ठर  दिए। मुझे लगा डरपोक बादल को शमीना अच्छी लगी। मुझे वो डरपोक बादल अच्छा नहीं लगा। बात-बात पर सुबकता था।

दूसरे दिन किले के बाहर गांव चाचा खड़े थे। उनको गुस्सा आ गया था। गांव चाचा किले पर चिल्ला रहे थे। किला चुप रहा। डरपोक बादल किले से पहले से ज्यादा चिपट गया। गांव चाचा बहुत ताकतवर थे। किले और डरपोक बादल को एक साथ पीट देते। डरपोक बादल को तो अपनी मुट्ठी  में बंद कर लेते या उसे चींटी बनाकर मसल देते।
गांव चाचा ने किले को दो लट्ठ  लगाए। इधर मैंने शमीना को उठाने की कोशिश की। उसके सब तरफ सफेद पंख बिखरे थे। बहुत  सारी सफेद चिडिय़ों ने वहां पंख छोड़े थे। उन सारी चिडिय़ों का घर भी किले में ही था। सफेद चिडिय़ों ने फडफ़ड़ाना शुरू कर दिया।

शमीना आंखें मींचकर सोई थी। मैं उसे नहीं उठाना चाहता था। नहीं तो गांव चाचा मुझे भी लट्ठ  मारते। मैं अकेले ही बाहर निकला। किले की छत पर पहुंचा। डरपोक बादल डरा हुआ सुबक रहा था। मैंने उससे कहा ‘रोओ मत, डरो मत।’ डरपोक बादल ने बताया ‘ मां की याद आ रही है। ’ उसकी मां उसे छोडक़र चली गई थी। तब से डरपोक बादल किले के पास रहता था क्योंकि उसे आसमान में अकेले डर लगता था।

मैंने नीचे देखा। गांव चाचा लट्ठ घुमाने लगे थे। किले की बहुत पिटाई होनी थी। मैं चिल्लाया - ‘गांव चाचा, गांव चाचा .. .मैं यहां हूं।’  गांव चाचा को मैं दिख गया। उन्होंने मुझे नीचे आने को कहा। गांव चाचा ने मेरा हाथ पकड़ा और किले को धमकाते हुए मुझे लेकर चल दिए।

मैंने डर के मारे उन्हें नहीं बताया कि किले के अंदर शमीना भी  है।

शमीना को मैंने वहां छोड़ दिया। किसी को नहीं बताया। उसके अम्मी-अब्बू अपने बाल खींचकर खूब रोए। मैं अगले दिन किले के पास गया। वहां शमीना नहीं मिली। किले ने कुछ नहीं बताया। मैं सोचता रहा शमीना किले से बाहर क्यों नहीं आई!

उसी शाम गांव चाचा ने मुझे काम पर लगा दिया। पता नहीं उन्हें कैसे मालूम हो गया था कि शमीना किले के अंदर है। मेरा काम था ‘किले से उस डरपोक बादल को दूर भगाने का। ’

मैं किले के बाहर पहुंचा। उससे धमकाया ‘बता दे शमीना कहां है? नहीं तो मैं तेरे बादल को भगा दूंगा।’ किला चुप रहा। डरपोक बादल कांपने लगा। उस गोल-मटोल बादल ने अपने हाथ सिकोड़ लिए। उसने आंखें बंद कर लीं। उसके मोटे गालों के बीच आंखें छिप गईं।  वो किले से लिपट गया।

किले से सफेद चिडिय़ों की आवाजें आने लगीं। सारी सफेद चिडिय़ों ने बाहर आकर इधर-उधर उडऩा शुरू किया। उनके पीछे से शमीना बाहर आई। शमीना ने बताया कि उसने बादल को अपना दोस्त बना लिया है। वह उसके साथ भाग जाएगी। चाहे गांव चाचा उसकी लट्ठ  से पिटाई करें। डरपोक बादल शमीना की बात सुनकर खुश दिखने लगा।

मैंने शमीना के हाथ खींचकर उसे किले से नीचे उतारने का मन बनाया।  मुझे न देखते हुए शमीना डरपोक बादल से लिपटकर उसे समझा रही थी। डरपोक बादल सुबक ही रहा था।

मैं गांव चाचा के पास लौट आया। उनसे झूठ कह दिया ‘ चाचा, बादल भाग जाएगा, उससे कह दिया है। ’

उस रात चांदनी बिखरी हुई थी। हरी घास के मैदान में किला सफेद दिख रहा था। अचानक डरपोक बादल और शमीना आसमान में उड़ते नजर आए। कभी डरपोक बादल शमीना हो जाता,  कभी शमीना डरपोक बादल बन जाती।

 दोनों मेरे और गांव चाचा के ऊपर से भी उड़े, सफेद चिडिय़ों के साथ।

अगले दिन किले के ऊपर डरपोक बादल नहीं था। मैंने किले से सवाल किया। किला चुप रहा। शमीना उस डरपोक-मोटू बादल के साथ भाग गई थी। गांव चाचा अब उसका क्या कर लेंगे?

Thursday 13 October 2016

हमको तो पता नहीं था कि अपने पास भी एक पटना है


जब से घर वापसी हुई है, लगता है मैं किसी और राज्य में आ गया हूं। अब आज एक खबर देखी-कोरिया जिले ‘के’ पटना में श्रममंत्री भैयालाल राजवाड़े ‘के’ बेटे विजय राजवाड़े ‘के’ सुरक्षा गार्ड सुखपाल सिंह बरार ने.. .. (थोड़ा सांस लेलूं, इतना लंबा इंट्रो लिखते फेफड़े फूल गए) दशहरा ‘के’ कार्यक्रम में गोलियां चलाईं। सुना है वहां ढिनचक डांस भी हो रहा था।
हमको खबर पर नहीं बात करनी है। हम छत्तीसगढ़ के हैं। टोटल-ओवर इन ऑल छत्तीसगढिय़ा हैं। हमारा तो आंखी चकरा रहा है। माथा घूम गया है। बताओ.. .इतने दिनों बाद आज जाकर पता चला कि अपने पास भी एक पटना है। और वो पटना भी कहां है!!??? सोचो.. . सोचो.. . !!!
 कोरिया में।
वैसे कोरिया का हमको पता था। पटना का नहीं।

धन्यवाद भैयालाल राजवाड़े ‘के’ बेटे विजय राजवाड़े ‘के’ सुरक्षा गार्ड सुखपाल सिंह ‘का’, क्या जनरल नॉलेज बढ़ाया तुमने भाई! मतलब एकदम विद्या कसम कह रहे हैं, हमको इत्ता सा भी नहीं पता था कि कोरिया में पटना है। क्या बताएं हम तो अवाक हैं कि वो ‘पटना’ अपना छत्तीसगढिय़ा पटना है। बिहार का पटना नहीं है।
तुम तो भैयालाल राजवाड़े से बड़ेवाले भैया हो।
तुमको प्रमोशन मिलना चाहिए जांबाज सिपाही (निजी ही सही)।
तुमने तो हमारा पटना हिला दिया।

 कहां थे तुम? हम यहां यूपी-बिहार में घूमते हुए हीनता का अनुभव कर रहे थे। सोच रहे थे कि देखो हमारे यहां न नाच होता, न गोली चलती। अपने यहां लोकल में धूम-धड़ाका के बारे में बताने के लिए कुछ है कहां! अलबत्ता राजनीति अपनी भी लो लेवल की है, पर इसमें डांस का हाई लेवल लाकर तुमने इतिहास रच दिया। तुमने नया आयाम स्थापित कर दिया।

हमारे यहां तो ‘बिचारा’ सीधा-सादा कलाकार लोग आते हैं। गम्मत-नाचा करके निकल लेते हैं। भई तुमने एक नया टेस्ट लाया है बाबू। एकदम यूपी-बिहार वाला। जबरा डांस हुआ है सुने हैं!
हम तो सुने हैं, तुम सुने हो कि नाही कि ये अखबारों में तुम कितना रटपटा के छाए हुए हो? कमाल ही कर दिया। इतना चंगेजी काम किया लेकिन मानना पड़ेगा तुमको।  घमंड नहीं है तुमको तनिक भी। आज अखबार देखके लजलजा गए होगे। मन ही मन कह रहे होगे ‘वहां मजा वहां सबको आ रहा था। आज अखबारों ने इकलौते तुमको ही वीरता पुरस्कार प्रदान कर दिया है। ’

 तुम्हारी धमक देखो राजा.. पुलिस कह रही है ‘ कोई शिकायत नहीं मिली है।’
हम तो कहते हैं  'जियो हो राजा.. .जियो..।'
‘बे’फालतू में यहां का बुद्धिजीवी लोग तुम्हारे पीछे पड़ गया है। ‘भैया’ सुखपाल तुमने तो एक कल्चर लाया है हमारे यहां! तुम्हारा सार्वजनिक सम्मान होना चाहिए। हमारे जैसे लडक़ों की तो छाती चौड़ी हो गई। अब हम भी यूपी-बिहार में सीना तानकर जाएंगे और कहेंगे ‘अपने यहां भी वही डांस हो रहा है भाई लोग, गोलियां भी चल रही हैं। ’

वो भी सुनके ठकठका जाएंगे। बोले तो हड़बड़ा जाएंगे। डांस-बंदूक से नहीं। जब उनको छत्तीसगढ़ में ‘कोरिया’ के होने का पता चलेगा। सन्न हो जाएंगे। वो सन्न रहेंगे तब हम दूसरा झटका देंगे ‘ कोरिया तो हइये सही, उ कोरिया के अंदर एक पटना भी है।’ झन्ना जाएगी सुननेवालों की खोपड़ी।

दू साल बाद चुनाव आ रहा है सुखपाल बाबू। तुम जैसा क्रांतिकारी-युगपरिवर्तक लोग का जरूरत है। यहां सब ढर्रा में चल रहा है। दारू बांटो-पैसा बांटो। बोकरा-भात पार्टी दो। पत्रकारों को पइसा दो। चुनाव खतम। पब्लिक इंटरटेनमेंट का कोई सोचता‘च’ नई।

माननीय मंत्रीजी से निवेदन है कि ‘हमारा कोई लेना-देना नहीं है’ कहकर पल्ला न झाड़ें। आपका अपने बेटे के गार्ड से कोई लेना-देना नहीं है तो अपन लोग से क्या होगा? अपन बोले तो पब्लिक। जनता। मतदाता।
अपने को आपका सुखपाल चाहिए।
कहां है भाजपा का सुशासन। कांग्रेस और जोगीवाली कांग्रेस का विरोध।
हमको सुखपाल लाकर क्यों नहीं देते। 
नाच का फोटू देखे हो.. .गोली का आवाज सुने  हो..
टिरेंड बदल रहा है नेता लोग..टिरेंड बदल रहा है..





Sunday 9 October 2016

अगली रिपोर्ट के इंतजार में


मैंने दुर्ग भास्कर के श्रीशंकर शुक्ला की फेसबुक वाल पर यह खबर देखी। बच्चों को पर-भरोसे (भगवानभरोसे नहीं कहना चाहिए, बच्चे स्वयं भगवान होते हैं) छोडऩे के समाचार आम हो गए हैं। तरजीह नहीं मिलती।  ऐसी नोचती घटनाएं अब निशान नहीं छोड़तीं।
अहसास को बच्ची की तस्वीर ने भी छुआ। आह् .. इस फोटो ने मुझे खींच लिया। जकड़ लिया। मेरी आंखें भीगा दीं।
 रिपोर्ट में एक और बड़ी खास चीज है। इसके साइड में लगा ग्रे स्क्रीन बॉक्स। रिपोर्टर ने बर्थवाइज दुर्ग तक के सारे पैसेंजर्स की डिटेल दी है। बाक्स की हेडिंग में क्लीयर है, बर्थ के सारे पैसेंजर्स पुरुष ही थे। इस बॉक्स को पढक़र इन सीटों के यात्री कितने हतप्रभ होते! रेलवे का अनुमान है कि रायपुर से दुर्ग के बीच बच्ची को कोई छोड़ गया। लिखा है कि बच्ची सीट क्रमांक 24 के नीचे मिली। जरा गौर कीजिए। ट्रेन आकर दुर्ग में रुकती है। लास्ट स्टॉप। इसके तकरीबन 15 मिनट बाद कर्मचारी बोगी लॉक कर रहा होता है कि बच्ची के रोने की आवाज आती है। वो उसे उठाकर बाहर लाता है। स्टेशन अथॉरिटी को जानकारी देता है।
ऊपर लिखे वाक्यों को दोबारा पढि़ए। (क्या रह गया?)
मैं जो कहना चाहता हूं, समझ आ जाएगा।
रिपोर्टर ने रेलवे कर्मचारी की जुबानी जो लिखा है, वह पूरी खबर का मर्म एक बार में समझा देता है।
प्रार्थना है कि यदि इस बच्ची के मां-बाप मिल भी जाएं, तो चांद को उन अंधेरों के हाथ न सौंपा जाए।  अंधेरों को चांद मिला और उन्होंने जिंदगी की सबसे खूबसूरत रोशनी छोड़ दी।
चांद को एक दुनिया चाहिए, एक सूरज चाहिए। इसे उन्हें गोद  दो, जिनका कोई बच्चा नहीं है। रोशनी को कोख नहीं, बिखरने के लिए झरनों का पानी चाहिए। उसे वापस उन्हीं काले हाथों को सौंपकर ग्रहण न देना। रोशनी को जायज-नाजायज न ठहराना। बस, अब सफेद झील के किनारे बहने लगे हैं..नहीं लिख पाऊंगा..
श्रीशंकर की अगली रिपोर्ट के इंतजार में।



Saturday 8 October 2016

करण जौहर मुझे तुम पर दया आती है.. .


मैं एक मीटिंग में था। प्रोजेक्टर पर स्क्रिप्ट डिजाइन के नए-नए तरीकों का प्रेजेंटेशन  चल रहा था। वहां मैं केवल एक श्रोता था। बोलने का अधिकार नहीं था मुझे। कॉफी ब्रेक हुआ और सामने करण जौहर की फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ का ट्रेलर चलने लगा।

ये वही फिल्म है जिसे इस दीपावली में रीलीज होना है लेकिन राज ठाकरे की पार्टी की धमकी की वजह से मुंबई में संशय बना हुआ है। इसमें पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान अभिनय कर रहे हैं।

मैं स्वयं नाट्य संस्थाओं से जुड़ा रहा हूं।  कुछ नाटक  लिखे हैं। थिएटर में अभिनय के अलावा हर प्रकार का काम किया है। एक लेखक के  साथ-साथ  थोड़ा-बहुत कलाकार भी हूं। इस नाते मैं फवाद खान के भारत आकर अभिनय करने के खिलाफ नहीं हूं।

फवाद खान ने उड़ी हमले के लंबे समय बाद अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने फेसबुक पर लिखा है कि वे अगस्त से लाहौर में हैं। इस दौरान उनके नाम पर जितने भी बयान आए हैं, उन पर ध्यान न दिया जाए।  उन्होंने उड़ी हमले को एक ‘सैड इंसीडेंस’ माना है।

फवाद खान पाकिस्तानी सीरियलों के स्टार हैं। उन्हें सोनम कपूर की 'खूबसूरत' से बॉलीवुड में मौका मिला, वे बहुत जल्द अपना लिए गए। माशाअल्लाह वे काफी खूबसूरत हैं। स्वाभाविक अभिनय करते हैं।

फेसबुक पर फवाद ने बहुत सफाई से अपनी बात रख दी। मैं फवाद खान की देशभक्ति को सलाम करता हूं। न केवल वे एक अच्छे कलाकार हूं बल्कि एक सच्चे पाकिस्तानी हैं। उनके लिए पहले अपना देश है। पाकिस्तान उड़ी हमले से पल्ला झाड़ रहा है। फवाद ने पाकिस्तान की पॉलिसी का साथ दिया है, यह जानते हुए भी कि गलती उनके देश से हुई है।

और हमारे यहां करण जौहर हैं। मैं उनको लेकर मुगालता पाल भी लूं तो क्या!  करण हमारे देश के शीर्ष निर्माताओं और निर्देशकों में शामिल हैं। मेरा एक और मुगालता है कि करण से फवाद जैसी देशभक्ति की उम्मीद बेमानी है। सलमान खान भी इसी श्रेणी के हैं। वे दुनिया से बेखबर रहनेवाले अल्पबुद्धि सा व्यवहार करते हैं। मीडिया के सवालों पर उनकी प्रतिक्रिया भी इसी प्रकार की होती है। रणबीर कपूर, अनुराग कश्यप और ओम पुरी वगैरह की कडिय़ां मिलकर इस चैन को पूरा करती हैं (इन सभी ने पाकिस्तानी कलाकारों का समर्थन किया है)।

करण, सलमान और पाकिस्तानी कलाकारों का समर्थन करनेवाले अन्य बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के प्रशंसकों से निवेदन है कि वे कृपया फवाद खान के फेसबुक पेज पर जाकर उन्हें पढ़ें।
अब फवाद से अलग करण जौहर पर आएं। करण की कोई एक फिल्म बताएं जो इस काबिल हो कि आप उस पर एक बौद्धिक बहस कर सकें। करण जौहर की रातें फिल्म जगत की औरतों संग पार्टियों में बीतती हैं। इस पर भी वे कहते हैं कि अकेलापन मुझे डिप्रेस करता है।
बताओ भाई खुलकर तुम्हारे अकेलेपन का कारण क्या है?
लीक से हटकर बननेवाले रियलिटी सिनेमा पर उनका कहना है कि ऐसी फिल्मों के दृश्यों का साइलेंस समझ नहीं आता।

करण जौहर की सभ्यता से भी सभी का परिचय है। वे टीवी के रियलिटी शो में डबल मीनिंग  शब्दों का प्रयोग बेधडक़ करते हैं। अपने टॉक शो में कलाकारों से उनके सेक्स रिलेशनशिप पर सवाल करते हैं। एआईबी रोस्ट जैसे निहायत घटिया शोज में अपनी मां के सामने सेक्स पोजीशन की बात करते हैं।

इस आदमी की ‘ऐ दिल है मुश्किल’ से आप कितनी उम्मीद लगा सकते हैं? जिसको लंदन के फाइव स्टार होटलों में बैठकर स्टोरी सूझती है। जिसकी फिल्में विदेशों में ही (खासकर लंदन ही) शूट होती हैं। जिसके मन में भारतीयता के प्रति सम्मान ‘कभी खुशी कभी गम’ में काजोल के फूहड़ चरित्र से अधिक नहीं है। उससे आपको उम्मीद होगी तो आप उनकी पिछली सारी फिल्में दोबारा देखें।

ऐसा नहीं है कि मैं करण जौहर या ‘ऐ दिल है मुश्किल’ के खिलाफ हूं। मैं सोच रहा हूं कि पाकिस्तान को गर्व हो रहा होगा फवाद खान पर जिसने अपनी मंशा शब्दों की बारीकी से सही, व्यक्त कर दी। कितनी अजीब बात है कि पाकिस्तानी कलाकारों में फवाद खान ही बॉलीवुड के मोस्ट फेवरेट हैं।

मैंने कभी खुशी कभी गम के बाद करण जौहर की एक फिल्म ‘माय नेम इज खान’ देखने की भूल की थी। माय नेम इज खान का एक सीन है- शाहरूख खान अचानक काजोल से कहते हैं कि उन्हें सेक्स करना है। शाहरूख के चेहरे में इसका भाव नहीं दिखता। शाहरूख एकदम से बेमौके-गैररूमानी लहजे से अपनी अदम्य ईच्छा जाहिर करते हैं। काजोल चौंकने का सहज अभिनय करती हैं और शाहरूख के साथ कमरे में चली जाती हैं। दृश्य यूं बन पड़ा है मानों यह उन दोनों के लिए यह एक रुटीन वर्क है। सेक्स विदाऊट फीलिंग टाइप।

करण जौहर बताना चाहते हैं कि सेक्स की कोई टाइमिंग नहीं होती। फिल्म का हीरो (शाहरूख) भावना से भरा हुआ अर्धविकसित बुद्धि का इंसान है। पूरी फिल्म धार्मिक भेदभाव को मिटाने की भावनात्मक  पृष्ठभूमि पर खड़ी है। लेकिन जिस दृश्य में भावना का सबसे अच्छा इस्तेमाल किया जा सकता था, वहां करण चूक गए। फिल्म भी अत्यधिक नाटकीय बन पड़ी। अभिनय में इमोशन को आंखों से दिखाया जाता है। करण जौहर को साइलेंस की जुबान समझ  नहीं आती। बेसिकली करण इस सीन में कहना चाहते हैं कि फिल्म का शाहरूख   भोला और साफ दिमाग का है। वो जैसा सोचता है, बिना दुर्भावना के उसकी मांग रखता है।

करण जौहर ने अगर रियालिटी सिनेमा का साइलेंस समझा होता तो माय नेम इज खान का यह दृश्य बहुत ही प्रभावी बनता। यह भौंडा नहीं लगता। वे ऑफबीट सिनेमा नहीं देखते होंगे लेकिन स्क्रीनप्ले तो जरूर परखते होंगे।  करण स्क्रीनप्ले पर अपनी सेक्सुअल सोच को दरकिनार कर काम करते तो यह सीन क्लासिक बनता। उनकी सोच की वजह से शाहरूख एक मासूम अधेड़ के रोल में सेक्स की अपील करते हुए बहुत ज्यादा असामान्य लगते हैं। सीन ऐसा है मानो शाहरूख का किरदार अपनी ही पत्नी से दुष्कर्म का मन बनाकर आया है। ठीक है कि शाहरूख एक अधिकार के तहत यह कहते हैं क्योंकि फिल्म में काजोल उनकी पत्नी हैं। उनकी डिमांड पर काजोल शानदार प्रतिक्रिया देती  हैं। मगर क्या यह सीन हल्का नहीं बन पड़ा। क्या होता यदि इसके स्क्रीनप्ले में संवाद ही नहीं होते!  इशारों में शाहरूख अपनी आकांक्षा प्रदर्शित करते। आंखों से अभिनय करते। चेहरे को हल्का उठाकर आंखों में गहराई लाते हुए प्यार दिखाते।

इरफान खान की लंच बॉक्स फिल्म देखिएगा। नवाजुद्दीन सिद्दीकी के एक सवाल के जवाब में इरफान खान तकरीबन 30 सेकंड तक चुप रहते हैं। उनकी आंखें जवाब ढूंढ़ती लगती हैं। दर्शक बंधा रहता है।

करण को सेक्स और प्यार में अंतर नजर नहीं आता। मैंने स्टूडेंट ऑफ द ईयर के बारे में यही सब सुना था। सौभाग्य  से फिल्म नहीं देखी।

करण जौहर की सो कॉल्ड सुपर हाई क्लास सोच उन्हें सीमाओं से बाहर ले जाती है। उनकी सोच में उदारता का अर्थ खुला सेक्स है। एआईबी रोस्ट को होस्ट करने के पीछे यही कारण रहा होगा।


करण जौहर से निवेदन है कि एक बार सही, फवाद खान को फोन कर बोलें कि वे अपने फेसबुक पेज पर कुछ ऐसा लिखें जिससे  हमारे दिल को तसल्ली मिले। लगे कि हमने पाकिस्तान के एक टीवी कलाकार को भारत की सिल्वर स्क्रीन पर पसंद कर, गलत नहीं किया।
निवेदन राज ठाकरे और उनके गुंडों से भी है कि ऐ दिल है मुश्किल को रीलीज होने दें।

 करण जौहर को उनकी सोच और फिल्मों के साथ जीनें दें। हम भारतीय फिल्मी हैं। ऐ दिल है मुश्किल से पहले देश में चाहे कितनी भी मुश्किलें हों, चाहे  वो मुश्किलें बार्डर पर पाकिस्तान से भेजी जाती हैं, हमें मंजूर हैं। हम करण जौहर की इस फिल्म को देखकर सब भूल जाएंगे। उड़ी हमले का हमारा दर्द जाता रहेगा।

करण की फिल्मों में मिडिल क्लॉस का मजाक बनाया जाता है। हमें यह भी स्वीकार है। हम अपनी मीडिल ‘क्लासियत’ के साथ ऐ दिल है मुश्किल देखेंगे। आखिर करण कामुकता के मसीहा जो ठहरे, हमारी सेक्स की भावनाओं को आराम देनेवाले।
 हमारा पाखंड फिल्में ढंक देती हैं।
अंत में करण जौहर ने फवाद खान के मुंबई में विरोध पर जो कहा था उसका एक अंश ‘पाकिस्तानी कलाकारों को वापस भेजने से आतंकवाद रुक जाएगा क्या? ’
तुम्हारी देशभक्ति से मैं प्रभावित हूं फवाद,
और मुझे तुम पर दया आती है करण

Friday 7 October 2016

मगर ...

इस चित्र को देख कैसा महसूस होता है सोचिए, इसने मुझे रोक लिया ऐसे ही, मानो ये कविता इसके लिए ही बनी हो।

मगर ...

बहुत दर्द दिया उन बातों ने
मगर
तूने रोने कहां दिया,

हम जानते थे उनका मतलब
मगर
तूने बताने कहां दिया,

हालात बेकाबू नहीं थे उतने
मगर
तूने संभलने कहां दिया

आखिरी अंजाम हमें था मंजूर
मगर
तूने भुगतने कहां दिया,

सिलसिले प्यार के रहे थे उफन 
मगर
तूने मिलने कहां दिया,

हमारी रात बाकी थी उतनी ही
मगर
कमबख्त, तूने सोने कहां दिया,

जिंदगी सब पर उधार थी मेरी
मगर
तूने  मरने कहां दिया,


लाश बन  गया था मैं उसी दिन
मगर
तूने जलने कहां दिया !



पेटभर हंस लेने के बाद अपनी जीभ निकालकर शर्माते हुए कहें ‘माफ करना’


राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का खेल कैसे चलता है? और कैसे मुख्य मुद्दा घुमा दिया जाता है? देश में इस समय चल रही बयानबाजी से समझा जा सकता है।

राहुल गांधी ने कल कहा ‘शहीदों के खून की दलाली कर रहे हैं मोदी। ’ आज दोपहर अमित शाह ने जवाब दिया ‘यह आर्मी का अपमान है, देश की सवा अरब जनता का अपमान है।’ शाम को अमित शाह को कपिल सिब्बल ने उत्तर दिया ‘आतंकी मसूद अजहर को बीजेपी ने रिहा किया।’  मायावती का बयान है ‘ सेना की जय हो, नेताओं की नहीं।’ लालू प्रसाद यादव ने भी ऐसा ही कुछ कहा।

मुद्दा कल कुछ और था। आज कुछ और हो गया है।

 राहुल गांधी के भाषण  में कहीं सेना के खिलाफ बात नहीं है। उनका कहना था ‘ हमारे जवानों ने जम्मू और कश्मीर में अपना खून दिया है। उनके खून के पीछे मोदी छिपे हैं। मोदी उनके खून की दलाली कर रहे हैं।’
उनके भाषण का एक महत्वपूर्ण वाक्य सामने ही नहीं आ पाया, जो था ‘सेना ने अपना काम किया, आप अपना करो। ’

इस पर अमित शाह ने राहुल गांधी को चारों खाने चित्त करने का मन बनाया और वो कहा जिसका राहुल के बयान से लेना-देना नहीं है। शाह का पलटवार राहुल के आरोप का उत्तर नहीं है। उनका कहना है ‘दलाली शब्द सेना का मनोबल तोडऩेवाला है। ’
जहां तक मेरे और आपके जैसे आम लोगों की समझ है, राहुल के कहने का मतलब है कि मोदी सेना की सर्जिकल स्ट्राइक का ज्याती फायदे के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।

यह तो मोदी का अपमान है। सेना या देश का कहां?
अमित शाह ने राहुल के बयान का बिल्कुल मायने ही बदल दिया।

अमित शाह की प्रेसवार्ता के बाद कपिल सिब्बल आए। उन्होंने पब्लिक का जनरल नॉलेज बढ़ाना शुरू कर दिया। वे बताने लगे कि ‘ भाजपानीत सरकार  ने मसूद अजहर को रिहा किया था।’ वह यह नहीं बताते कि यह विमान में सवार यात्रियों की सलामती के लिए किया गया था। उनके कहने से लग रहा है, भाजपा के नेता जेल के अंदर गए और मसूद अजहर की हथकड़ियां खोलकर बोले ' जा दढ़ियल ' ।

 हमारे नेताओं का स्तर क्या है? वे बाल की खाल निकालकर उस पर बाल लगाने की कोशिश करते हैं। राहुल ने उत्तरप्रदेश में किसान रैली के समापन पर (जहां सर्जिकल स्ट्राइक पर बोलने की जरूरत नहीं थी) सेना और मोदी की बात कही। अमित शाह ने राहुल की बात को तोड़-मरोड़ दिया। अंत में कपिल सिब्बल मामले को दिल्ली से कंधार ले गए।

इधर सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगकर फंसे अरविंद केजरीवाल ने इस बार खुद का वीडियो बनाने के बजाय एएनआई (न्यूज एजेंसी) को बुलाया और कहा ‘ राहुल ने गलत शब्दों का उपयोग किया। ’
बताओ भाषा की मर्यादा कौन बता रहा है।


असल में सभी पार्टियों के नेताओं की नजर उत्तरप्रदेश के चुनाव पर है। वे सर्जिकल स्ट्राइक की घटना को सियासी फायदे-नुकसान के रूप में देख रहे हैं। तय है कि भाजपा इसका फायदा उठाने में पीछे नहीं रहेगी। भाजपा के विरोधी सारे दलों की यही चिंता है। इसलिए वे भी सेना की तारीफ करते हुए मोदी को निशाना बना रहे हैं।

लगता है राहुल को यकीन हो गया है कि सर्जिकल स्ट्राइक से भाजपा को फायदा मिलनेवाला है। हो सकता है उन्होंने भाजपा के वो पोस्टर देखे हों, जिनमें प्रभु राम की तस्वीर में मोदी का चेहरा लगा है। सामने रावण के रूप में नवाज शरीफ हैं।

और उन्होंने चिढक़र दलालीवाला बयान दे दिया। वे अंग्रेजीदां हैं। मेरे लिखे को अभी अंडरलाइन कर लीजिए, उन्हें मालूम ही नहीं होगा कि दलाली शब्द का वास्तविक अर्थ क्या होता है? अमित शाह को इसी शब्द पर अधिक आपत्ति थी। आरोप लगाते हुए उन्होंने भी यही कहा ' बोफोर्स दलाली, कोयला दलाली, टूजी दलाली किसने की?'

हमारे प्रतिनिधि नेताओं को देश, सेना और जनता से पहले पॉलिटिकल एज की चिंता है। इसलिए अगर अगली बार आप सेना की सर्जिकल स्ट्राइक पर राजनीतिक बयान सुनें, तो अनसुना कर दें। इससे सिर्फ दिमाग ही खराब होगा। नेताओं पर सर्जिकल स्ट्राइक करने का मन बन जाएगा।

इसलिए प्लीज.. .प्लीज .. .प्लीज .. . सर्जिकल स्ट्राइक पर बोलता कोई नेता सामने पड़ जाए तो उसे देखकर हंसने लग जाइए। धीरे-धीरे मुसकाते हुए, एकदम से ठहाका मारने लगिए।
पेटभर हंस  लेने के बाद अपनी जीभ निकालकर शर्माते हुए कहें ‘माफ करना’।
इससे बढिय़ा सर्जिकल स्ट्राइक नहीं हो सकती।

Thursday 6 October 2016

एक नेता शांत है, अपने अंदाज में चुप है...



भारत की सर्जिकल स्ट्राइक पर आज शरद पवार बोले हैं। उन्होंने कहा ‘मेरे रक्षामंत्री होते हुए भी चार बार सर्जिकल स्ट्राइक की गई, हमने प्रचार नहीं किया। ’

आजकल भारत-पाकिस्तान मुद्दा नहीं हैं। हम सर्जिकल स्ट्राइक के होने, न होने पर भिड़े हुए हैं। बार्डर पार की नीति भी देशी राजनीति में फंस गई है। भाजपा के नेताओं और ‘लोकल नेताओं’ को इस बात का ख्याल रखना चाहिए कि अब कुछ ज्यादा ही हो रहा है।
देश की भावना का सरकार ने सम्मान किया। बहुत ही अच्छा किया। अब भावना से खिलवाड़ न हो।

इस मसले का मैं और आप व्यापक विश्लेषण करें। सब समझ आ जाएगा। भारत और पाकिस्तान दोनों कहते हैं, हम युद्ध नहीं चाहते। दूसरी तरफ दोनों देश के हुक्मरान अपनी जनता को बता रहे हैं कि हम तैयार हैं। हम डरनेवाले नहीं हैं। हम करारा जवाब दे रहे हैं।
मीडिया आग में घी डालने का काम कर रहा है। इलेक्ट्रानिक मीडिया ने इतने रिपोर्टर लगा रखे हैं कि लगता है युद्ध कवरेज चल रहा है ।
इससे फायदा दोनों देशों की सरकारों को हुआ है। उन्हें अब केवल आक्रामकता दिखानी है। देश में चल रही परेशानियों का जवाब नहीं देना।
दोनों राष्ट्रों की गरीबी-बेरोजगारी खत्म हो गई है। भारत और पाकिस्तान की सारी अंदरुनी समस्याएं जड़समेत उखड़ गई हैं। भारत-पाकिस्तान का हर चैनल खुश है। न्यूज एंकर मुंह से रॉकेट लांचर दाग रहे हैं।
विश्लेषकों की फौज चैनलों के आफिसों में डटी हुई है। 


पाकिस्तान के नेता एक से एक हैं, हमारे भी कम नहीं हैं। अरविंद केजरीवाल को ही लीजिए। बंदा दिल्ली का मुख्यमंत्री है। अपने राज्य में डेंगू-मलेरिया उनसे संभल नहीं रहा। वे भारत-पाकिस्तान पर वीडियो जारी कर "अपारंपरिक"  राजनीति का प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्र सरकार उन्हें उपराज्यपाल नजीब जंग की एलओसी तक ही सीमित रखती है इस पर अरविंद केजरीवाल का कान्फिडेंस देखो। आम आदमी पार्टी के विधायकों के वीडियो पूरे देश में सनी लियोन से ज्यादा हिट हैं। उस पर भी बंदा दिल्ली में बैठ कर। मुख्यमंत्री के कामकाज का सारा झंझट मनीष सिसोदिया को सौंप कर। उस सरकार को सबूत पेश करने की सलाह दे रहा है जो उसकी बैंड बजाती रहती है।
पाकिस्तानी मीडिया ने केजरीवाल का वीडियो देखा और भारत के इस आम आदमी को पाकिस्तान में हीरो बना दिया। आगबबूला रविशंकर प्रसाद ने केजरीवाल को प्रसाद खिलाया। उधर राजनाथ ने लेह से शब्दबाण चलाए। रवि (रविशंकर प्रसाद)  और राजू (राजनाथ सिंह) को केजरीवाल की सलाह पर प्रतिक्रिया नहीं देनी थी। उनको कहना था " हमने केजरीवाल का वीडियो नहीं देखा। हम गंदे वीडियो नहीं देखते। पिछली बार उसके एक मंत्री का वीडियो देख लिया था। प्रायश्चित करने के लिए उपवास करना पड़ा।"
फिर क्या? केजरीवाल हड़बड़ा जाते। शंका में अपना ही वीडियो जांचने लगते। कहीं इधर-उधर का कुछ जुड़ तो नहीं गया।
थप्पड़ से डर नहीं लगता साहब, आपके मंत्री के वीडियो डर लगता है। केजरीवाल को एक आम सलाह "ओ भाई..तुम बोलते ही क्यों हो? तुम्हारी खांसी ठीक हो गई है, बधाई। लेकिन डॉक्टर ने यह तो नहीं होगा कि जहां फंदा देखो वहां गर्दन दे देना। "
केजरीवाल से आगे निकलर शिवसेना से कांग्रेस में आए संजय निरूपम ने सीधे-सीधे सर्जिकल स्ट्राइक को फर्जी कहा। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला फटाक से सफाई देने आए "कांग्रेस का संजय निरूपम के बयान से कोई लेना-देना नहीं है। "
अब हम क्या समझें, सर्जिकल स्ट्राइक को फर्जी कहनेवाले निरूपम स्वयं फर्जी हैं।

निरूपम  केंद्रीय स्तर के नेता नहीं हैं। उनका फेसियल एक्सप्रेशन देखिएगा, ध्यान से। बेचारे कब्ज से परेशान दिखते हैं। टॉयलेट में पूरा घंटा बितानेवालों का प्रतिनिधित्व संजय निरूपम की भाव-भंगिमाओं में नजर आता है। निरूपम को मोदी के स्वच्छता अभियान से चिढ़ है! पटरीपार कहीं बैठे होंगे। निवृत्त होने के बाद उन्हें कहीं राकेट-मिसाइल नहीं दिखे होंगे। भोले-भाले निरूपम ने कह दिया " सर्जिकल स्ट्राइक फेक लगती है। "

केजरीवाल और निरूपम से कहीं बड़े नेता सीताराम येचुरी ने इन दोनों से पहले शक जाहिर किया था। उन्हें ट्विटर, फेसबुक में इतने कमेंट मिले कि अब उन्हें सपने में अपने पर सर्जिकल स्ट्राइक होती दिखती है
अब सीताराम येचुरी से भी बड़े नेता शरद पवार के बोल फूटे हैं। वे ज्यादा संभलकर बोले। बीसीसीआई से धकियाए जाने के बाद उन्हें सुर्खियों में बने रहने की आवश्यकता है। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद इस देशकाल-परिस्थिति में हर नेता बोल रहा है।
एक नेता शांत है। अपने चिरपरिचित अंदाज में चुप है, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह।
पक्ष-विपक्ष के बयानों को सुनकर वे मुस्कुराते होंगे। मन ही मन कहते होंगे-
"बेटा हमको सब पता है। दस साल चलाया है देश।"


मिले कि वे इंटरनेट का नाम सुनकर स्वयं पर सर्जिकल स्ट्राइक हो रही है, सोचने लगते हैं। डर जाते हैं।

Tuesday 4 October 2016

बिहार का कानून, हम और गांधीजी


दुनिया जानती है शराब के  राजस्व से सरकारी खजाना जितना भरता है, उससे तीन गुना ज्यादा पैसा कमीशन के कोटे में आता है। इसको ऐसे समझें कि यदि बोतल पैमाना है , तो उसमें भरी शराब के चौथाई हिस्से का रेवेन्यू ही रिकार्ड में लिखा जाता है, बाकी का हिस्सा व्यवस्था को सुचारू रखनेवाले रख लेते हैं। सर्वाधिक काला धन शराब के धंधे में है। इस समंदर की सबसे छोटी मछली ठेकेदार है और सबसे बड़ी सरकार।
पैसे और शराब से किसको नहीं खरीदा जा सकता?

सोशल मीडिया में बहस छेडऩेवाले हमारे प्रबुद्धजनों के पास नक्सलवाद से लेकर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद तक, सारे मुद्दों पर विचार हैं। पर क्या ये प्रबुद्धजन शराबी हैं? क्योंकि वे शराबबंदी पर अधिक नहीं बोलते। प्रबुद्ध बुरा न मानें। मैं सभी को शराबी नहीं कह रहा हूं। लेकिन 10 में सात शराबी हों तो बाकी के तीन महफिल में न सही, तमाशे के शौकीनों में गिने जाएंगे।

सवाल है कि व्याकुल प्रबुद्धजनों का झुंड शराबबंदी का अपरोक्ष विरोध करता क्यों दिखता है? क्या इस दिमागदार तबके को मालूम है कि शराब के खिलाफ  खुलकर बोलना-लिखना जान सांसत में डालना है?  प्रबुद्ध बहादुरों  की सीमाएं हैं।

अभी भारत-पाकिस्तान तनाव में मीडिया की भूमिका पर बातें चल रही हैं। माना जा रहा है भारत के सर्जिकल स्ट्राइक के पीछे मीडिया का बनाया प्रेशर था। इसी नेशनल मीडिया के बड़े हिस्से ने बिहार में शराबबंदी कानून का माखौल उड़ाया था।

आम आदमी के लिए अब रीडर सैटिस्फेक्शन और  पर्सनल सैटिस्फेक्शन  का फर्क समझना मुश्किल नहीं रहा। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के कानून को हाईकोर्ट ने हटाया तो कुछ अखबारों ने इसे सामाजिक कल्याण की  तरह छापा। एक ही दिन में बिहार सरकार ने नया शराबबंदी कानून लागू कर दिया। मजबूरन  उन्हीं  अखबारों ने खबर को मारते हुए छापा। इलेक्ट्रानिक मीडिया उड़ी हमले और सर्जिकल स्ट्राइक का उन्माद बेच रहा है। उसके पास इस खबर के लिए "सौ खबरें एक मिनट में" का वक्त था।

मीडिया प्लेयर्स ने बिहार में शराबबंदी पर अपनी रिपोर्ट्स पर्सनल सैटिस्फेक्शन के मंसूबों के से  दिखाईं थीं।  खबरें रीडरशिप और टीआरपी बटोरती रही होंगी,  मकसद साफ दिख रहा था।  यह बताने का इंतजाम किया जा रहा था कि वर्तमान परिपेक्ष्य में शराबबंदी जैसे कानून प्रासंगिक नहीं हैं।

इस देश में कितनों को याद है कि पूर्ण शराबबंदी महात्मा गांधी का विचार था । गांधीजी से ज्यादा अप्रासंगिक वर्तमान में कोई नहीं है ! गांधीजी के जन्मदिन पर बिहार सरकार ने शराबबंदी का दूसरा कानून लागू कर दिया। इस दिन बिहार से बाहर के अन्य शराब सिंचित प्रदेशों में सोशल मीडिया ट्रेंड  चल रहा था- "हैप्पी ड्राई डे।"
 इस बार गांधीजी पर विज्ञापन भी कम आए। गांधीजी का जन्मदिवस स्वच्छता अभियान को समर्पित कर दिया गया।
सोशल इंजीनियरिंग की प्रबुद्ध प्रणाली ने भारतीय जनमानस में बात बिठा दी है कि गांधीजी अनिवार्य नहीं हैं। वे अप्रासंगिक हैं। सामंतवाद का विरोध कर गांधीजी ने जिनसे दुश्मनी पाली थी, उनके वंशज आज अपने पुरखों का बदला ले रहे हैं ।

अंग्रेजों ने आजादी देने की सूरत में दो विचार भारतीय जमीन पर बोए थे। पहला, मुसलमानों के हितों की रक्षा के लिए एक अलग देश चाहिए। पाकिस्तान बन गया।
दूसरा, महात्मा गांधी सही आदमी नहीं हैं। अंग्रेजों का यह ब्लफ इतना चला कि बिना तर्क किए आज तक इसे स्वीकारा जा रहा है। गोरी चमड़ी और अमीर लोग जो कहें, वो सही। हमारी मानसिकता अटूट है। अंग्रेज चालाक थे। उन्होंने हमारे राष्ट्रपिता की छवि को हमसे ही तुड़वा दिया।
गोरे जानते थे गांधीजी के साथ रही पीढ़ी को भ्रमित नहीं किया सकता, इसलिए उन्होंने  बाद में आई कौम को लक्ष्य बनाया। बिके हुए लेखकों-इतिहासकारों, छद्म स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जरिए बताया गया कि गांधीजी ऐसे थे, वैसे थे। आज परिणाम दिख रहा है। हम गांधी का लिखा भूल गए हैं । जिन्होंने गांधी के खिलाफ लिखा, उन्हें पढ़ रहे हैं।  जिस महात्मा के जन्मदिन पर हमें नशाबंदी का त्योहार मनाना चाहिए, उसे हम ड्राई डे के नाम से पुकारते हैं।

मध्यमवर्ग की आकांक्षाओं से संचालित अति-प्रतिद्वंदिता के दौर में हम बच्चे को अल्बर्ट आइंस्टीन बनाना चाहते हैं । महात्मा गांधी नहीं। आइंस्टीन ने एक बार गांधीजी के बारे में कहा था ‘आनेवाली नस्ल यकीन नहीं करेगी कि धरती पर कभी इस तरह का महामानव जन्मा था। ’
लेकिन हम भारतीय आइंस्टीन की क्यों मानेंगे?  रहा होगा वो दुनिया का सबसे दिमागवाला बंदा। बच्चा आइंस्टीन बने, मगर गांधी के आदर्शों पर न चले। हमको अपने बच्चे को महामानव नहीं बनाना। हम तो वही मानेंगे, जो अंग्रेजों ने अपने पालतू  लेखकों से लिखवाकर भारत मेंं बांच दिया। हम गोड्से को महान क्रांतिकारी बताएंगे और गांधी को अप्रासंगिक। वास्तव में अंग्रेज बुद्धिमान निकले। उनका सूरज न उस काल में डूबता था और न आज भारत में डूबा है।

बहरहाल, गांधीजी को पूरे देश में किसी ने सही तरीके से याद किया तो वो नीतीश कुमार हैं। बिहार सरकार के नए शराबबंदी कानून पर हमारे नेशनल मीडिया की नजरें इनायत नहीं हुईं। इलेक्ट्रानिक मीडिया को उस तरह का मसाला पसंद है, जिसमें नीतीश कुमार की पार्टी के एक विधायक को झारखंड में जाकर शराब पीते कैमरे में कैद किया गया था। एक बूढ़े, अर्धनग्न  फकीर की जयंती पर बिहार में शराबबंदी का अपेक्षाकृत अधिक कठोर कानून लागू होना, टीआरपी की खबर नहीं थी। मुझे समझ नहीं आता कि मीडिया प्रबंधनों को टीआरपी का ज्ञान कौन देता है? और क्या वह पत्रकार है! अथवा अंग्रेजों का छोड़ा हुआ मैनेजर।

टीवी चैनलों को छोडि़ए, संपादकीय में कम्युनिज्म से भरे लेखों में भी शराबबंदी कानून के लिए पर्याप्त स्थान नहीं था। नीतीश कुमार पर कम्युनिज्म का प्रभाव बताया जाता है। हमारे देश के ज्यादातर कम्युनिस्ट (अधिकांश मीडिया में भरे पड़े हैं) बातें साम्य की करते हैं, लेकिन महंगी शराब चाहते  हैं। पाइप पर तंबाकू सुलगाकर पीते हैं।  नीतीश इस तरीके के नहीं लगते।

 मैंने बहुत पहले क्रांतिकारी विचार रख रहे एक नेता को सुना था ‘असली साम्यवादी कभी पूंजीवादी  के नीचे  काम नहीं कर सकता। पेट भरने के लिए क्रांति नहीं छोड़ सकता। दंड से डर कर अपमान का दंश नहीं झेल सकता। वह प्रत्येक क्षण, प्रत्येक स्थिति में कामरेड होता है। ’
उस नेता का नाम तो याद  नहीं, लेकिन बाद में, मैं बहुत से फर्जी कम्युनिस्टों से मिला, जो निहायत ही ड्रामेबाज और ढोंगी थे। आजकल वे सरकारी बंगलों की जमीन के केंचुए हैं, कहलाते बुद्धिजीवी हैं। जिस जनसंघ, भाजपा और आरएसएस को दीमक बताकर उनकी बुद्धिजीविता पनाह पाती थी, आज उनकी शरण में जिंदगी चलती है। प्रत्येक क्षण, प्रत्येक स्थिति गई तेल लेने। लेकिन इस तरह के नकली कम्युनिस्ट प्रासंगिक हैं । गांधीजी प्रासंगिक नहीं हैं। इसमें भाजपा या आरएसएस का दोष नहीं है। भाजपा को खड़ा करनेवाले नेताओं ने कभी गांधीजी को अप्रासंगिक नहीं कहा। वे बस यही कहते रहे कि गांधीजी कांग्रेस की मिल्कियत नहीं हैं। अटल, आडवानी और मोदी ने खुले मंचों से गांधी के सिद्धांत, दर्शन और विचार को नकारा नहीं।


खैर, नीतीश कुमार मुझे अवसरवादी जान पड़ते  हैं। इस दर्जे में वे रामविलास पासवान के बराबर हैं। मैं समझ सकता हूं कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी उनका एजेंडा था। वे दबावों के बावजूद इस पर कायम रहे। इतिहास के कोरे पन्नों में जार्ज फर्नांडीज को वो स्थान नहीं मिलेगा, जो उनके चेले नीतीश कुमार पाएंगे।  नीतीश सरकार ने इस साल शायद अप्रैल में शराबबंदी कानून लागू किया था। नेशनल मीडिया ने दो दिन इस पर पॉजिटीव खबरें चलाईं, फिर बिहार के पीछे पड़ गए। दिखाया जा रहा था कि शराब नहीं मिलने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। मर भी रहे हैं। ज्यादातर प्रतिष्ठित समाचारपत्रों नेे इन खबरों को शीर्षक के बराबर स्थान दिया। 
.. .और शराबबंदी का कानून हाईकोर्ट ने रद्द क्या किया, इन्हीं चैनलों और अखबारों ने हेडलाइंस में गगनभेदी उद्घोष किया। लग रहा था शराबबंदी के खिलाफ उनका एडिटोरियल कैंपेन सफल हो गया।
खांटी बिहारी नीतीश कुमार पीछे नहीं रहे।  शराबबंदी का नया कानून लागू कर दिया। नीतीश की इस त्वरित  प्रतिक्रिया पर मीडिया की तवज्जो खास नहीं है। प्रमुख राष्ट्रीय अखबारों ने कवरेज दिया, प्रस्तुतीकरण प्रभावात्मक नहीं था। रोजाना अखबार पढक़र दिन की शुरुआत करनेवाला व्यक्ति इस पक्षपात को समझ सकता है। मैं नीतीश कुमार समर्थक नहीं हूं। हां, यह अच्छा लगा कि नीतीश कुमार ने कोर्ट के फैसले का पूर्वानुमान लगाते हुए पहले ही नए कानून का विधेयक पास करा लिया था।

पक्के गांधीवादी अन्ना हजारे भी बिहार में शराबबंदी का समर्थन कर चुके हैं। उन्होंने तो हाईकोर्ट का आदेश आने के बाद नीतीश सरकार को गांवों में निगरानी दल तैनात करने का सुझाव दिया था। हद  है कि शराबबंदी से बिहार के रेवेन्यू को नुकसान बताते हुए दूसरे राज्यों के अधिकारी सिर पीटते दिखते हैं।  क्या उन्हें डर है कि अगर बिहार में शराबबंदी राजनीतिक ट्रेंड बन गई  तो उनकी दुकान का क्या होगा? उनके खजाने का क्या होगा?
सरकारी रजिस्टर  के तथ्य रखनेवाले यह नहीं जानते कि शराब जन-धन के नुकसान का सर्वाधिक बड़ा कारण है। शराब पीने से होनेवाली मौतों के ज्यादातर आंकड़े सरकारी रिकार्ड में दर्ज नहीं होते। यह भी बहुत कम लोग जानते हैंं कि शराब से होनेवाली मौतें आकस्मिक नहीं होती हैं। इनका कारणसहित रिकार्ड नहीं रखा जाता। गुर्दा फेल हो गया, हार्ट फेल हो गया, ब्रेन हेमरेज हो गया,  कारण बताए जाते हैं। इन कारणों की जननी शराब थी, डॉक्टर लिखकर नहीं देता। इसी तरह शराब से मिलनेवाले वास्तविक राजस्व का हिसाब-किताब नहीं होता। इसलिए तो बुजुर्ग कहते हैं कि आबकारी विभाग में नौकरी लग जाएगी तो रातोंरात मालामाल हो जाओगे। शराब आबकारी को ही नहीं, एक पूरे तंत्र को फाइनेंस करती है।
 शराब माफिया का असर यूपी की सियायत में पोंटी चड्ढा के रूप में सामने आ चुका है। देश के हर छोटे-बड़े और गरीब राज्य में शराब सिस्टम को सींच रही है। वह मानव की आहार श्रृंखला का अंग बना दी गई है।

 आलोचक कहेंगे ' नीतीश कुमार स्वयं को नरेंद्र मोदी से अच्छा प्रशासक दिखाना चाहते हैं और फटाफट दूसरा शराबबंदी कानून लागू करना इमेज का विस्तारीकरण है।' आलोचकोंं के नजरिए से सोचने में हर्ज नहीं है। मैं अपने नजरिए से सोचता हूं, नीतीश कितने दिलेर हैं। उन्होंने सिस्टम की सबसे ताकतवर शह को छेड़ा है। मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति का सम्मान करता हूं। कितना अच्छा हो कि वे संसद के अगले सत्र के पहले सर्वदलीय बैठक कर पूरे देश में शराबबंदी का विधेयक लाने पर रायशुमारी करें। सुनने में ही यह कपोल-कल्पनाग्रस्त, हास्यास्पद विचार लगता है। गुजरात और केरल में शराबबंदी के हश्र से हम सभी वाकिफ हैं। बावजूद इसके, अगर मोदी अलोकप्रिय पहल करते हैं तब बड़ी पार्टियों की प्रतिक्रिया का सभी को इंतजार रहेगा। हालांकि यह मेरी अतिश्योक्तिपूर्ण कल्पना है। मैं यह सोच भी कैसे सकता हूं! प्रासंगिकता के अनुसार दुनिया का कोई देश शराब को पूरी तरह बंद नहीं कर सकता। उसकी रोजी-रोटी शराब के धंधे के फलने-फूलने पर निर्भर है। अत: मैं देश में पूर्ण शराबबंदी की हास्यास्पद और मूर्खतापूर्ण कल्पना के लिए माफी चाहता हूं। मानव अधिकार का झंडा बुलंद करनेवाले प्रबुद्धजनों के लिए शराबबंदी अप्रासंगिक, अव्यवहारिक और मजाक है। मेरी औकात क्या है ?
अक्सर मैं अपनी मंडली के साथ समकालीन विषयों पर चर्चा करता  हूं। कल एक जूनियर ने सवाल किया 'हमें खबरों को परफेक्ट बनाने के लिए क्या करना चाहिए? '
मैंने कहा 'बस इतना कि हम खबर को उसी तरह छापें जैसी वो है।'
उसने सट से मेरी बात काटी (आजकल यह नई बात नहीं है)- ' एंगल भी तो देखना पड़ेगा ? '
मुझे लगा उसे कहूं कि तू उठकर चला जा.. फिर मुझे ध्यान आया। मैंने कहा ' बेटा जब अपनी रोटी सेंकनी हो तब एंगल देना पड़ता है। खबर अपना एंगल साथ लेकर आती है। उसके लिए न हेडिंग में फैंसी शब्द जोडऩे पड़ते और न ले-आउट से खेलना होता। पन्ना भरना हो, अतिविशिष्ट ज्ञान दिखाना हो, तब हम पूरे-पूरे पन्ने की खबर लगाते हैं और उसे असीमित एंगल देते हैं। अंत में हम एंगल को लेकर इतने संशय में होते हैं कि मूल विषय ही भूल जाते हैं, डर बना रहता है कि गलती न हो जाए।'

जूनियर मेरी बातों से संतुष्ट नहीं दिखा। वो एक कम्युनिज्म  समर्थक संपादक के नीचे काम करता है जो सरकार के पक्ष को अखबार की जरूरत बताते हैं।

जूनियर ने आगे प्रश्न नहीं किया। फिर हम साथी बिहार के शराबबंदी कानून के रद्द होने और नए रूप में पुन: लागू किए जाने को लेकर चर्चाएं करते रहे।
इस बीच उस जूनियर ने कहा ‘वैसे यहां भी सरकार शराबबंदी पर विचार कर सकती है। अब तो हमारी क्रिकेट टीम रणजी में खेलनेवाली है। दिक्कत नहीं है।’
पता नहीं वो क्या कहना चाहता था!
(आपको समझ आए तो अपने तक ही रखना। )